मौसम क्रिकेट ऑपरेशन सिंदूर क्रिकेट स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल लाइफ - साइंस आध्यात्मिक अन्य
हरिद्वार कुंभ 2027 — उत्तराखण्ड शासन

देश के इतिहास का सबसे बड़ा IPO: Jio Platforms की लिस्टिंग अक्टूबर अंत तक संभव, 12 लाख करोड़ का मूल्यांकन

On: October 4, 2026 3:42 PM
Follow Us:
---Advertisement---
वित्तीय प्रबंधन में श्रेष्ठ प्रदर्शन — उत्तराखण्ड शासन

नई दिल्ली: डिजिटल सेवा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (JPL) इस माह के अंत तक शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने जा रही है। सूत्रों के अनुसार कंपनी का एंटरप्राइज मूल्यांकन 143 से 146 अरब डॉलर यानी करीब 12 लाख करोड़ रुपये से अधिक रह सकता है, जिससे यह भारत के इतिहास का सबसे बड़ा आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) बन सकता है। प्रस्तावित IPO का आकार लगभग 3.8 अरब डॉलर यानी करीब 31,000 करोड़ रुपये होने की संभावना है।

रोडशो पूरे, दस्तावेज जल्द

बैंकिंग और बाजार सूत्रों के अनुसार कंपनी ने अमेरिका, ब्रिटेन, दुबई, हांगकांग और सिंगापुर में अपने अंतरराष्ट्रीय रोडशो पूर्ण कर लिए हैं। अब 12 अक्टूबर से आरंभ होने वाले सप्ताह में कंपनी सेबी के पास IPO हेतु अंतिम दस्तावेज दाखिल कर सकती है। खबर है कि दशहरा से पहले एंकर निवेशकों के लिए बोली प्रक्रिया शुरू होगी और दशहरा के बाद, लेकिन 23 अक्टूबर से पहले IPO खुल सकता है। अक्टूबर के अंत तक कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग की उम्मीद है।

अंतरराष्ट्रीय रोडशो की अगुवाई जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रबंध निदेशक और रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी तथा रिलायंस रिटेल वेंचर्स की कार्यकारी निदेशक ईशा अंबानी ने की। विदेशी निवेशकों से मिले सकारात्मक रुझान के बाद कंपनी का शुरुआती मूल्यांकन 143-146 अरब डॉलर के दायरे में तय होने की उम्मीद है। सेबी ने 28 अगस्त को जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO पर अंतिम टिप्पणियां जारी की थीं। कंपनी ने जून में ड्राफ्ट दस्तावेज दाखिल किए थे, जिनके अनुसार जियो प्लेटफॉर्म्स 27 करोड़ तक नए इक्विटी शेयर जारी करेगी। यह निर्गम-बाद इक्विटी का करीब 2.9 प्रतिशत होगा।

मजबूत वित्तीय प्रदर्शन

वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 15 प्रतिशत बढ़कर 30,053 करोड़ रुपये और वार्षिक राजस्व 14.5 प्रतिशत बढ़कर 1,46,885 करोड़ रुपये रहा। नुवामा रिसर्च का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2029-30 तक रिलायंस जियो का मुनाफा करीब 18 प्रतिशत की वार्षिक दर से बढ़ सकता है। जियो प्लेटफॉर्म्स में रिलायंस का डिजिटल कारोबार शामिल है, जिसमें दूरसंचार सेवाएं प्रमुख हैं। रिलायंस जियो इन्फोकॉम का भारतीय मोबाइल बाजार में करीब 39.29 प्रतिशत हिस्सा है और इसके लगभग 50.6 करोड़ मोबाइल ग्राहक हैं। जून 2026 तक कंपनी के पास करीब 26.85 करोड़ 5G ग्राहक थे।

2008 के बाद रिलायंस का पहला IPO

अब कंपनी दूरसंचार से आगे बढ़ते हुए क्लाउड, कृत्रिम मेधा (AI) और एंटरप्राइज नेटवर्क सेवाओं में विस्तार कर रही है। वर्ष 2020 में मेटा और गूगल समेत कई वैश्विक निवेशकों ने जियो प्लेटफॉर्म्स में करीब 1.52 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया था। दस्तावेजों के अनुसार रिलायंस इंडस्ट्रीज की इसमें करीब 66.4 प्रतिशत हिस्सेदारी है। यह 2008 के बाद रिलायंस समूह का पहला सार्वजनिक निर्गम और समूह के किसी उपभोक्ता-केंद्रित कारोबार का पहला IPO होगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment