बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं और हाल ही में एक कार्यक्रम में उन्होंने एक बार फिर सबको हंसा दिया। महाराष्ट्र सरकार के एक मंत्री ने जब उनसे मराठी में बोलने का आग्रह किया, तो संजय दत्त ने मजाकिया लहजे में ऐसा जवाब दिया कि वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े।
यह वाकया सितंबर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम का है, जहां मंत्री ने कहा कि वह आजकल सभी को मराठी सिखा रहे हैं और संजय दत्त से भी मराठी में बोलने की अपील की। इस पर संजय दत्त ने हंसते हुए कहा, “प्रताप भाई, सबसे पहले तो 6 साल जेल में रहा, येरवडा में। तब भी मराठी नहीं सीख पाया। थोड़ा बहुत सीखा था।”
मंत्री को बताया पुराना दोस्त
संजय दत्त ने इसके साथ ही मंत्री को अपना पुराना दोस्त और भाई बताते हुए कहा कि उनका रिश्ता करीब 25 साल पुराना है। उन्होंने कार्यक्रम में बुलाने के लिए मंत्री का आभार भी जताया। उनका यह सहज और ईमानदार जवाब वहां मौजूद लोगों को काफी पसंद आया।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में इन दिनों मराठी भाषा को लेकर अभियान चल रहा है। राज्य में ऑटोरिक्शा चालकों के लिए मराठी के कुछ वाक्य जानना जरूरी किए जाने जैसे नियमों पर चर्चा हो रही है। इसी पृष्ठभूमि में मंत्री ने मंच पर संजय दत्त से मराठी में बोलने को कहा था।
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया
संजय दत्त के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कई लोगों ने उनके बेबाक अंदाज की तारीफ की और कहा कि मंत्री के सामने भी बेधड़क जवाब देने का अंदाज सिर्फ संजय दत्त का ही हो सकता है। वहीं कुछ लोगों ने इस पर चुटकी भी ली कि आम ऑटो चालकों पर तो जुर्माने का डर है, लेकिन सितारों के लिए छूट है।
बता दें कि संजय दत्त हाल ही में 3 अक्टूबर को मुंबई के बांद्रा में भी देखे गए थे, जिनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई थीं।









