गुजरात के राजकोट में नकली नोट छापने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सब्जी विक्रेता ने घर में ही 100 और 500 रुपये के नकली नोट छाप डाले। क्राइम ब्रांच ने किशन सोलंकी नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्टाग्राम रील से मिला आइडिया
पूछताछ में सोलंकी ने बताया कि कम कमाई के कारण वह कर्ज में फंस गया था। इंस्टाग्राम पर रील्स देखते हुए उसे नकली नोट बनाने का आइडिया आया। इसके बाद टेलीग्राम पर एक शख्स से संपर्क हुआ, जिसने उसे नोट बनाने की पूरी जानकारी दी।
छापेमारी में घर में मिली ‘फैक्ट्री’
क्राइम ब्रांच और स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप ने सोलंकी के मंदाडुगर स्थित घर पर छापा मारा। वहां से 100 रुपये के 2016 नकली नोट और 500 रुपये के 3 नकली नोट मिले। साथ ही एक सीपीयू, एक मॉनिटर, दो प्रिंटर, लेमिनेटर हीटर मशीन, बटर पेपर और 100 रुपये के नोट की छपाई वाला कागज जब्त किया गया। करीब 65,500 रुपये का सामान भी जब्त हुआ है। यानी आरोपी ने घर में नोट छापने की पूरी फैक्ट्री लगा रखी थी।
बाजार में नोट पहुंचने का शक
पुलिस को शक है कि ये नकली नोट बाजार में भी पहुंचे होंगे। ऐसे नोट आमतौर पर छोटी खरीदारी में चलाए जाते हैं। पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। असली नोट में वॉटरमार्क, सिक्योरिटी थ्रेड और रंग बदलने वाली स्याही होती है, जिन्हें देखकर नकली नोट पहचाना जा सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया का कुछ कंटेंट आर्थिक तंगी से जूझ रहे लोगों को अपराध की ओर धकेल रहा है, इसलिए डिजिटल जागरूकता जरूरी है।









