Dehradun Night Strike के नाम से चलाए गए पुलिस के विशेष अभियान ने राजधानी की नाइटलाइफ पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस टीमों ने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात पूरे शहर में औचक छापेमारी की, जिसमें राजपुर रोड स्थित चर्चित D3 बार को बंद करा दिया गया, 61 युवकों को थानों में लाया गया और ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में 27 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
देर रात तक चलने वाले पब-बार कल्चर और सड़कों पर होने वाले हुड़दंग के खिलाफ पुलिस ने इस बार कड़ा रुख अख्तियार किया है। शहर के तमाम प्रमुख इलाकों में होटल, पब, बार और रेस्टोरेंट पर एक साथ छापेमारी की गई। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि वीकेंड पर नाइटलाइफ के नाम पर हुड़दंग बर्दाश्त नहीं होगा।
Dehradun Night Strike: डी3 बार सीज, लाइसेंस होगा रद्द
पुलिस अधीक्षक नगर (SP City) के पर्यवेक्षण और संबंधित क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में राजपुर रोड स्थित D3 बार निर्धारित समय समाप्त होने के बावजूद संचालित होता पाया गया। पुलिस के अनुसार वहां नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही थीं।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल बार को बंद कराया और संचालक को हिरासत में लेकर वैधानिक प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने बार प्रबंधन पर आबकारी नियमों और लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए उसका लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी है। अधिकारियों का कहना है कि रात की शांति भंग करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा।
देर रात घूम रहे 61 युवक थाने लाए गए
नाइट स्ट्राइक के दौरान पुलिस ने शहर की सड़कों, चौराहों और डार्क स्पॉट्स पर विशेष नाकेबंदी की थी। आधी रात के बाद बिना किसी ठोस वजह के सड़कों पर घूम रहे और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त 61 युवकों को पुलिस विभिन्न थानों में लेकर आई।
थानों में सभी युवकों के पहचान पत्रों की जांच कर उनका विस्तृत पुलिस सत्यापन कराया गया। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने और अनुशासन तोड़े जाने पर 78 व्यक्तियों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान काटकर वैधानिक चेतावनी दी गई।
ड्रिंक एंड ड्राइव में 27 गिरफ्तार, 39 वाहन सीज
सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने ब्रीथ एनालाइजर के साथ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए 27 लोगों को मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की धारा 185 के तहत गिरफ्तार किया गया और उनके वाहन मौके पर ही सीज कर दिए गए।
रात भर चली इस सघन चेकिंग में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 97 चालकों के चालान किए गए, जिनमें से 39 वाहनों को जब्त कर थानों में खड़ा कराया गया है।
दरअसल पिछले कुछ समय से देहरादून में देर रात पब-बार से निकलने वाले युवकों के हुड़दंग और सड़क हादसों की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही थी। कई रिहायशी इलाकों के निवासी रात में तेज संगीत और सड़कों पर हंगामे की शिकायतें कर चुके थे। पुलिस का यह अभियान उसी पृष्ठभूमि में देखा जा रहा है और अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस प्रशासन के इस सख्त रुख से बार और रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने दो टूक कहा है कि लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह कठोर कार्रवाई होती रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे देर रात अनावश्यक रूप से सड़कों पर न घूमें और यातायात नियमों का पालन करें।












