मौसम क्रिकेट ऑपरेशन सिंदूर क्रिकेट स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल लाइफ - साइंस आध्यात्मिक अन्य
हरिद्वार कुंभ 2027 — उत्तराखण्ड शासन

Uttarakhand Education Department Posting: दूरस्थ पहाड़ी ब्लॉकों में सुधरेगा स्कूलों का हाल, 24 अफसरों को पहली पोस्टिंग

On: October 10, 2026 5:53 PM
Follow Us:
---Advertisement---
वित्तीय प्रबंधन में श्रेष्ठ प्रदर्शन — उत्तराखण्ड शासन

देहरादून। राज्य के सुदूर पर्वतीय क्षेत्रों में चरमराई प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए शासन ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। विद्यालयी शिक्षा विभाग ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) से चयनित 48 उप शिक्षा अधिकारियों में से पहले बैच के 24 अफसरों को ब्लॉक स्तर पर पहली फील्ड पोस्टिंग दे दी है (Uttarakhand education department posting)। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की हरी झंडी मिलते ही इन सभी नवचयनित अधिकारियों के पदस्थापना आदेश जारी कर दिए गए।

दरअसल, काफी समय से प्रदेश के कई विकासखंडों में उप शिक्षा अधिकारी के पद रिक्त चल रहे थे, जिसकी वजह से खंड शिक्षा अधिकारियों पर दोहरे प्रभार का दबाव था। इसका सीधा असर स्कूलों के औचक निरीक्षण और शिक्षकों की उपस्थिति की नियमित निगरानी पर पड़ रहा था, जिसको लेकर स्थानीय स्तर पर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। अब खाली कुर्सियों के भरने से दूरस्थ ब्लॉकों में शिक्षा व्यवस्था के सुधरने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि नियमित अफसरों की तैनाती से स्कूलों में अनुशासन और पढ़ाई के स्तर पर असर दिखेगा।

Uttarakhand education department posting: पौड़ी गढ़वाल पर सबसे ज्यादा फोकस

विभाग की ओर से जारी आवंटन सूची पर नजर डालें तो सबसे ज्यादा तैनाती पौड़ी जिले में की गई है। यहां भौगोलिक रूप से बेहद विषम और दूरस्थ समझे जाने वाले द्वारीखाल ब्लॉक में बिनीता रावत और बीरोंखाल में राज कुमार सिंह डसीला को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा भावना चाहल को जयहारीखाल, कुणाल सिंह को पाबौं, शुभम गुप्ता को खिर्सू और मनीष मोहन नेगी को यमकेश्वर ब्लॉक की कमान मिली है। वहीं थलीसैण में राजेश परमार, एकेश्वर में दीपक लखेड़ा और कल्जीखाल में उमेश चंद्र सुयाल को नियुक्त किया गया है।

चमोली, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी के सीमांत ब्लॉकों को भी तवज्जो

गढ़वाल और कुमाऊं के अन्य पर्वतीय जनपदों में भी खाली कुर्सियां भर दी गई हैं। कुमाऊं मंडल के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में राहुल सिंह रैंसवाल को कनालीछीना, बलवन्त नाथ को मूनाकोट और चीन सीमा से सटे मुनस्यारी में योगेन्द्र कुमार शर्मा को भेजा गया है। अल्मोड़ा जनपद के सल्ट में राविन्स, लमगड़ा में अमित राणा और भिकियासैंण में मनोज सिंह को तैनात किया गया है। नैनीताल के पर्वतीय हिस्से ओखलकांडा में प्रवीण दिगारी और रामगढ़ में परवीन अजहर पदभार संभालेंगे।

चमोली के आपदा संवेदनशील नंदानगर (घाट) ब्लॉक में अंशिका बिष्ट और नारायणबगड़ में रूबी नेगी को जिम्मेदारी मिली है। टिहरी जिले के चार ब्लॉकों में देवप्रयाग में दिव्या जोशी, जाखणीधार में आशुतोष राणा, प्रतापनगर में आयुष बन्धानी और थौलधार में समीक्षा उनियाल को भेजा गया है। उत्तरकाशी जिले के रवाईं परगना स्थित पुरोला में राजन सिंह ठाकुर को तैनात किया गया है।

बाकी 24 अधिकारियों की पोस्टिंग प्रशिक्षण के बाद

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अनुसार दूरदराज के क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक निगरानी को मजबूत करने के लिए यह पहली खेप भेजी गई है। फिलहाल प्रशिक्षण ले रहे शेष 24 अधिकारियों का इंडक्शन कोर्स पूरा होते ही उन्हें भी मैदानी व अन्य पर्वतीय ब्लॉकों में भेज दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि इन तैनातियों से ब्लॉक स्तर पर शिक्षा प्रशासन को नई गति मिलेगी और दूरस्थ स्कूलों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment