सुबह आंख खुलते ही मोबाइल चेक करना, खाने के समय स्क्रॉल करना और सोने से पहले आखिरी बार नोटिफिकेशन देखना — यह आजकल ज्यादातर लोगों की आदत बन चुकी है। ज्यादा स्क्रीन टाइम से आंखों में थकान, नींद में खलल और एकाग्रता की कमी जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। डिजिटल डिटॉक्स यानी कुछ समय के लिए स्क्रीन से दूरी बनाना, इससे निपटने का आसान तरीका है।
स्क्रीन टाइम धीरे-धीरे कम करें
एकदम से मोबाइल छोड़ना मुश्किल हो सकता है, इसलिए शुरुआत छोटे कदमों से करें। खाने के समय और सोने से एक घंटा पहले मोबाइल दूर रखें। फोन में स्क्रीन टाइम रिपोर्ट देखें और रोज थोड़ा-थोड़ा समय घटाने का लक्ष्य रखें।
नोटिफिकेशन पर लगाएं लगाम
बार-बार बजती नोटिफिकेशन ध्यान भटकाती हैं। गैर-जरूरी ऐप्स की नोटिफिकेशन बंद कर दें और सिर्फ जरूरी कॉल-मैसेज के अलर्ट चालू रखें। सोशल मीडिया ऐप्स को होम स्क्रीन से हटाकर किसी फोल्डर में रखने से भी उन्हें बार-बार खोलने की आदत कम होती है।
ऑफलाइन समय का लें आनंद
मोबाइल से बचे समय का इस्तेमाल टहलने, किताब पढ़ने, परिवार से बातचीत या किसी शौक में करें। हफ्ते में एक दिन या कुछ घंटे का ‘नो-फोन टाइम’ तय करें। शुरुआत में अजीब लगेगा, लेकिन धीरे-धीरे मन शांत और एकाग्र महसूस होगा।









