शाम की चाय के साथ अगर कुछ खस्ता-कुरकुरा न हो तो मजा अधूरा रह जाता है। बाजार के नमकीन, मठरी और चिप्स सेहत के लिए ठीक नहीं होते, इसलिए घर पर ही कुछ खास बनाकर रखना बेहतर है। इस दीवाली सीजन ट्राई करें बिना मैदा और बिना सूजी के बनने वाली खस्ता आलू-चावल पापड़ी। इसे बनाने में न तो घंटों बेलने का झंझट है और न ही कोई मुश्किल ट्रिक। बस एक आसान तरीका अपनाएं और मिनटों में ढेर सारी पापड़ी तैयार करें।
सामग्री की लिस्ट
खस्ता पापड़ी बनाने के लिए आपको चाहिए दो उबले हुए आलू, एक कप चावल का आटा, दो चम्मच बेसन, एक चम्मच तेल, एक चम्मच जीरा, आधा चम्मच अजवाइन, एक चम्मच चिली फ्लेक्स या लाल मिर्च पाउडर, एक चम्मच सफेद तिल, आधा चम्मच कलौंजी, एक चम्मच कसूरी मेथी, चुटकी भर हींग, एक चम्मच चाट मसाला, स्वादानुसार नमक और तलने के लिए तेल। इंस्टाग्राम पर शेफ पारुल ने यह रेसिपी शेयर की है।
आटा गूंथने का तरीका
सबसे पहले दो उबले आलुओं को अच्छी तरह मैश कर लें। ध्यान रहे कि इसमें कोई गुठली न रहे, नहीं तो पापड़ी टूटेगी। इन्हें एक बड़े बाउल में डालें और बताई गई मात्रा में चावल का आटा व थोड़ा-सा बेसन मिलाएं। इसके साथ साबुत जीरा, हाथों से मसलकर अजवाइन और चिली फ्लेक्स या लाल मिर्च पाउडर डालें। कसूरी मेथी को क्रश करके डालें, इसकी खुशबू पापड़ी में बहुत अच्छी लगती है। अब सफेद तिल, कलौंजी, चुटकी भर हींग, चाट मसाला, नमक और एक चम्मच तेल डालकर अच्छे से आटा गूंथ लें। सबसे अहम बात यह है कि इसमें बिल्कुल भी पानी नहीं डालना है। आलू की अपनी नमी से ही डो तैयार हो जाएगा। ज्यादा पानी डालने से पापड़ी कुरकुरी नहीं बनेगी।
बिना बेले पापड़ी बनाने की ट्रिक
आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं। एक बटर पेपर या फॉइल लें और उस पर तेल लगाकर ग्रीस कर लें। इस पर लोइयों को थोड़ी-थोड़ी दूरी पर रखें, ताकि पापड़ी बनने पर वे आपस में चिपकें नहीं। हाथ से हल्का दबाकर सेट करें, फिर ऊपर से दोबारा बटर पेपर रखें और एक कटोरी की मदद से हल्का प्रेस करते हुए गोल-गोल घुमाकर पापड़ी का आकार दें। आखिर में फोर्क या चाकू से इनमें छोटे-छोटे छेद कर दें, ताकि तलते समय ये फूलें नहीं।
तलने और स्टोर करने का तरीका
एक कड़ाही में तेल गर्म करें और धीमी से मध्यम आंच पर पापड़ी डालकर तलें। हल्की आंच पर ये अंदर तक अच्छे से सिकती हैं और कच्ची भी नहीं रहतीं। जैसे ही सुनहरी और क्रिस्पी हो जाएं, इन्हें तेल से निकाल लें। पूरी तरह ठंडा होने पर किसी एयरटाइट डिब्बे में स्टोर कर लें। इस तरह ये महीनों तक खराब नहीं होंगी। चाय के साथ हल्की भूख में या बच्चों के टिफिन के लिए यह पापड़ी एकदम परफेक्ट स्नैक है।









