देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार, 16 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास का वातावरण आत्मीयता और उल्लास से भरा नजर आया। प्रदेश के मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए प्रातःकाल से ही राज्य सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी सीएम आवास पहुंचने लगे। सभी ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की।
सुबह से शाम तक लगा रहा शुभकामनाओं का सिलसिला
मुख्यमंत्री आवास पर दिनभर बधाई देने वालों का आना-जाना लगा रहा। मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों व कर्मचारियों में मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देने का विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी आगंतुकों ने पुष्पगुच्छ भेंट किए और मुख्यमंत्री के स्वस्थ, सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी का स्नेहपूर्वक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि साथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का यह अपार स्नेह उनके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उत्तराखंड की सेवा सामूहिक जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तराखंड की सेवा किसी एक व्यक्ति का दायित्व नहीं, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आपसी सहयोग और मजबूत समन्वय के बल पर ही प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। इस विशेष अवसर पर उन्होंने दोहराया कि प्रदेश की जनता और प्रत्येक नागरिक की सेवा करना उनके जीवन की सर्वोपरि प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास हेतु निरंतर कार्य कर रही है। ‘विकसित उत्तराखंड’ के स्वप्न को साकार करने के लिए सरकार, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक तंत्र का टीम भावना से एकजुट होकर आगे बढ़ना आवश्यक है।
वरिष्ठ अधिकारी और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग रहे मौजूद
जन्मदिन के इस अवसर पर सीएम आवास में बधाई देने वालों का क्रम देर तक चलता रहा। इस दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित शासन-प्रशासन के अनेक वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री को पुष्प और उपहार भेंट कर उनके सुखी व दीर्घायु जीवन की मंगलकामनाएं दीं।









