उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मूसलाधार बारिश के बीच एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। प्रेमनगर क्षेत्र में सोमवार देर रात उफनते बरसाती रपटे में पानी के तेज बहाव के कारण दो गाड़ियां बह गईं। कंडोली-बिधोली पुल के पास हुए इस भीषण हादसे में कुल पांच लोग सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और त्वरित बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने तीन लोगों को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन दो होनहार युवाओं की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।
रात के अंधेरे में बहाव का अंदाजा न लगना पड़ा भारी
कोतवाली प्रेमनगर को 31 अगस्त और 1 सितंबर की दरमियानी रात कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि कंडोली-बिधोली रपटे में दो गाड़ियां पानी के तेज बहाव में बह गई हैं और उनमें कई लोग फंसे हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस आपदा उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और NDRF, SDRF तथा दमकल विभाग को सतर्क किया गया। रात के घने अंधेरे और पानी की अत्यधिक रफ्तार के कारण बचाव अभियान चलाना अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा। पहाड़ी क्षेत्रों में मानसून के दौरान छोटे नाले और रपटे अचानक विकराल रूप धारण कर लेते हैं। कार सवारों को पानी की गहराई और रफ्तार का सही अंदाजा नहीं हो सका, जिससे दोनों गाड़ियां सड़क से फिसलकर नाले के उफान में समा गईं।
स्कॉर्पियो से एक युवक की मौत, क्रेटा से MBBS छात्रा का शव बरामद
बचाव दलों ने नदी के बीच फंसी स्कॉर्पियो-एन (HR 08 AG 8743) से सबसे पहले राहत कार्य शुरू किया। इस गाड़ी में सवार हरियाणा निवासी संभव (22) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि उनके साथी अक्षय (21), निवासी जयपुर (राजस्थान) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने अक्षय का शव गाड़ी के भीतर से बरामद किया। दूसरी ओर, पानी के बहाव में बही क्रेटा कार (RJ13 CE 5641) में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। रेस्क्यू टीम ने श्रीगंगानगर निवासी अंश बवेजा (22) और बीबीए-एलएलबी की छात्रा सहज प्रीति कौर (18) को सुरक्षित बचा लिया। लेकिन पीलीबंगा (हनुमानगढ़/श्रीगंगानगर) की रहने वाली 19 वर्षीय कनन सचदेवा, पुत्री विकास सचदेवा को नहीं बचाया जा सका। कनन टाटिया यूनिवर्सिटी गंगानगर में एमबीबीएस की छात्रा थीं और उनका शव रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान नदी से बरामद किया गया।
एडमिशन के लिए आए थे देहरादून, परिजनों में कोहराम
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि स्कॉर्पियो में सवार दोनों युवक प्रेमनगर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के छात्र हैं। वहीं क्रेटा कार में सवार युवक और युवतियां राजस्थान से अपनी एक साथी का प्रेमनगर के निजी संस्थान में कॉलेज में दाखिला कराने के उद्देश्य से देहरादून आए थे। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि खुशी का यह सफर इतने भयानक हादसे में बदल जाएगा। घटना के बाद पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल भिजवा दिया है। मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।









