उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 अगस्त 2026 को देश के उत्तर से लेकर दक्षिण तक कुल 16 राज्यों में तेज बारिश, बिजली कड़कने और भयंकर आंधी-तूफान की आशंका जताई है। कुछ मैदानी और तटीय इलाकों में हवाओं की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूर्वी भारत के राज्यों में वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पहाड़ी राज्यों में लगातार भारी बारिश से भूस्खलन का खतरा काफी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम में यात्रा की योजना बनाने से पहले स्थानीय मौसम का पूर्वानुमान जरूर देख लें। लगातार तेज बारिश का असर फसलों पर भी पड़ सकता है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, समुद्र में खराब मौसम और ऊंची लहरों को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।
इन 16 राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने जिन 16 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है, उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, गुजरात, केरल, जम्मू-कश्मीर, झारखंड और असम शामिल हैं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इनमें से कुछ इलाकों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली-NCR में 40 किमी की रफ्तार से हवाएं, यूपी के 20 से ज्यादा जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी दिल्ली में 17 अगस्त 2026 को भारी बारिश की प्रबल संभावना है। बारिश के साथ आंधी-तूफान की भी चेतावनी है और इस दौरान करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी तेज हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। राजधानी लखनऊ के अलावा नोएडा, आगरा, कानपुर, गोंडा, प्रतापगढ़, जौनपुर, मेरठ, अलीगढ़, मुरादाबाद, हरदोई, शाहजहांपुर, सीतापुर, बहराइच, मुजफ्फरनगर, मथुरा, बरेली, बिजनौर, बस्ती, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत में मौसम खराब रहने का अनुमान है। इस दौरान कुछ इलाकों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बिहार और राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बिहार के कई हिस्सों में खराब मौसम की चेतावनी दी है। राजधानी पटना के साथ बक्सर, जहानाबाद, जमुई, कैमूर, औरंगाबाद, दरभंगा, कटिहार, अररिया, लखीसराय, गया, मुंगेर, नालंदा, वैशाली, भागलपुर, किशनगंज, रोहतास, भोजपुर, बांका, नवादा, समस्तीपुर, मधुबनी और पूर्णिया में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है।
राजस्थान के कई जिलों में भी मौसम करवट ले सकता है। जयपुर समेत भरतपुर, चूरू, अजमेर, भीलवाड़ा, फलोदी, अलवर और चित्तौड़गढ़ में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। जयपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तराखंड-हिमाचल में मौसम का हाल
उत्तराखंड के कई इलाकों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। राजधानी देहरादून में बारिश हो सकती है और यहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं हरिद्वार, ऋषिकेश, अल्मोड़ा, गढ़वाल, नैनीताल, बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल और चंपावत में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मध्य प्रदेश के भोपाल के अलावा जबलपुर, नर्मदापुरम, विदिशा, बालाघाट, शहडोल, रायसेन, खरगोन, सिंगरौली, छिंदवाड़ा, दमोह, पन्ना, सिवनी, छतरपुर, सीधी और नीमच में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में मौसम साफ रहने की उम्मीद है, जहां अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम करीब 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि मंडी, सोलन, बिलासपुर, चंबा, किन्नौर, कांगड़ा, सिरमौर और हमीरपुर में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की आशंका है।









