देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री सहित उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक स्वर में ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राष्ट्रध्वज फहराकर सभी को देश की अखंडता और राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने समस्त प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया और मां भारती की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विकसित भारत के सपने को साकार कर रहे पीएम मोदी
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि बलिदानियों के सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से साकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प की पूर्ति हेतु प्रत्येक नागरिक को अपने कार्यक्षेत्र में निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण से योगदान देना होगा। सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी के बिना देश विकास की नई ऊंचाइयों को नहीं छू सकता।
उत्तराखंड को श्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प
प्रदेश के विकास की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के समग्र, संतुलित और सतत विकास हेतु सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सभी प्रदेशवासियों के सहयोग से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ व अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है।
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का यह राष्ट्रीय पर्व हम सभी को राष्ट्र और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों व दायित्वों का स्मरण कराता है।









