मौसम क्रिकेट ऑपरेशन सिंदूर क्रिकेट स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल लाइफ - साइंस आध्यात्मिक अन्य
हरिद्वार कुंभ 2027 — उत्तराखण्ड शासन

देहरादून में ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ में उमड़ा जनसैलाब, सीएम धामी ने किया संबोधन

On: August 9, 2026 2:36 PM
Follow Us:
---Advertisement---
वित्तीय प्रबंधन में श्रेष्ठ प्रदर्शन — उत्तराखण्ड शासन

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस से पहले रविवार को राजधानी की सड़कें देशभक्ति के नारों से गूंज उठीं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हाथों में तिरंगा लेकर हजारों लोगों के साथ सड़क पर उतरे। गांधी पार्क में आयोजित विशाल ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ गांधी पार्क से शुरू होकर घंटाघर तक निकाली गई, जिसमें हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यात्रा से पहले मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के प्रणेता स्व. इंद्रमणि बडोनी और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

‘देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है उत्तराखंड’

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने तिरंगा यात्रा को राष्ट्र गौरव का महाउत्सव बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान और बलिदान का प्रतीक है, जिसकी साख पर स्वतंत्रता सेनानियों और शूरवीर जवानों ने कभी आंच नहीं आने दी। सीएम ने गर्व से कहा कि देवभूमि का हर दूसरा परिवार देश की सीमाओं की रक्षा में लगा है और सरकार वीर जवानों, पूर्व सैनिकों व उनके परिवारों के कल्याण को प्राथमिकता दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आज सेना का मनोबल अभूतपूर्व रूप से बढ़ा है। सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर रक्षा सामग्री के निर्यात तक भारत ने वैश्विक पटल पर अपनी सैन्य क्षमता का लोहा मनवाया है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

अर्थव्यवस्था में ऐतिहासिक उछाल

मुख्यमंत्री ने राज्य के आर्थिक विकास का लेखा-जोखा पेश करते हुए बताया कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से पिछले एक साल में जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 41 फीसदी की ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने में उत्तराखंड देश में पहले पायदान पर है। रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने के ठोस कदमों से पलायन दर में 44 प्रतिशत का सुधार आया है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप का आंकड़ा 1,750 के पार पहुंच गया है। होमस्टे और मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना जैसी योजनाएं स्वरोजगार को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित हो रही हैं।

सख्त फैसलों और उपलब्धियों का जिक्र

सीएम धामी ने स्पष्ट संदेश दिया कि देवभूमि के मूल सांस्कृतिक और सामाजिक स्वरूप से किसी भी सूरत में खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कड़े धर्मांतरण विरोधी कानून, देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून और सबसे पहले लागू समान नागरिक संहिता (UCC) का उल्लेख करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। पारदर्शी व्यवस्था के दम पर पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से ज्यादा युवाओं को बिना धांधली के सरकारी नौकरियां मिली हैं। सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि भू-माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराई गई है। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल और महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment