देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर खतरनाक हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार दोपहर 12:45 बजे से दोपहर 3:45 बजे तक देहरादून, हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल के कई इलाकों में अति तीव्र वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ घंटों में रुड़की, लक्सर, भगवानपुर, लच्छीवाला, डोईवाला और ऋषिकेश में तेज गर्जना के साथ भारी बारिश की आशंका है।
इसके अलावा नरेंद्र नगर, घनसाली, दुगड्डा, रिखणीखाल, मोहनचट्टी, किरतपुर और सोना नदी रेंज के आसपास भी मौसम के उग्र रहने का अनुमान है।
पूरे सप्ताह चरम पर रहेगा मानसून
इस पूरे सप्ताह देवभूमि में मानसून की गतिविधियां चरम पर रहेंगी। मौसम विभाग ने सोमवार को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर के लिए भारी से अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। राज्य के आठ अन्य जिलों में गरज के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट लागू है। टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में मौसम खराब बना हुआ है, जबकि हरिद्वार के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है।
घनसाली के चमियाला बाजार में गिरा विशाल बोल्डर
पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश अब तबाही का रूप लेने लगी है। भिलंगना क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। शनिवार देर रात घनसाली के चमियाला बाजार में पहाड़ी से विशाल बोल्डर और चट्टानें टूटकर दुकानों पर आ गिरीं। हादसे में पूर्व सभासद शिवेंद्र रतूड़ी की दुकान क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि आसपास की कई दुकानों के शटर भी बुरी तरह टूट गए। रात में बोल्डर गिरने की तेज आवाज से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
व्यापारियों को इस घटना में भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना रात के समय हुई जब बाजार पूरी तरह बंद था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। स्थानीय निवासियों व दुकानदारों में दहशत का माहौल है, क्योंकि लगातार बारिश से चमियाला बाजार के ऊपर की पहाड़ियां कमजोर हो गई हैं और पत्थर-मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है। यदि यही चट्टानें दिन में गिरतीं तो भीड़भाड़ के चलते दर्जनों लोगों की जान जा सकती थी।
मैदानी इलाकों में उमस से बेहाल लोग
पहाड़ों के विपरीत मैदानी जिलों में रविवार को तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। राजधानी देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि शाम ढलते ही दून के कई इलाकों में झमाझम बारिश से लोगों को राहत मिली।
धर्मनगरी हरिद्वार में भी रविवार बेहद गर्म रहा। चिलचिलाती धूप व उमस से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया और दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा रहा। आईआईटी कृषि मौसम वेधशाला के अनुसार हरिद्वार का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री था। यानी एक दिन में पारे में 3.6 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया।









