देहरादून: कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा अचानक रद्द हो गया है। राहुल गांधी 4 और 5 जून को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में चुनावी जनसभाओं और सांगठनिक बैठकों को संबोधित करने वाले थे, लेकिन ऐन वक्त पर मौसम ने खेल बिगाड़ दिया। पहाड़ी इलाकों में लगातार खराब हो रहे मौसम और विजिबिलिटी कम होने की वजह से सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इस दौरे को फिलहाल टालना पड़ा है। इस खबर के सामने आने के बाद उत्तराखंड कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं में मायूसी छा गई है, जो पिछले कई दिनों से इस दौरे की तैयारियों में जुटे थे।
दरअसल, राहुल गांधी का यह दौरा सूबे की सियासत के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा था। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक उन्हें कुमाऊं और गढ़वाल दोनों ही मंडलों को साधना था। राहुल गांधी को अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल और राजधानी देहरादून में बड़ी जनसभाओं में हिस्सा लेना था, लेकिन पहाड़ों में मौसम के बदले मिजाज ने उनके सारे प्लान पर पानी फेर दिया।
पंतनगर तो पहुंचे राहुल, पर आगे नहीं उड़ पाया हेलिकॉप्टर
कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी अपने तय कार्यक्रम के अनुसार बुधवार सुबह ही ऊधमसिंह नगर के पंतनगर एयरपोर्ट पर लैंड कर चुके थे। यहां से उन्हें हेलिकॉप्टर के जरिए सीधे अल्मोड़ा में आयोजित विशाल जनसभा के लिए रवाना होना था। मंच सज चुका था और जनता भी अपने नेता को सुनने के लिए बेताब थी। मगर, ऐन वक्त पर मौसम इतना खराब हो गया कि पायलट ने जोखिम लेने से साफ इनकार कर दिया। सुरक्षा एजेंसियों और एविएशन टीम ने हरी झंडी नहीं दी, जिसके बाद राहुल गांधी को भारी मन से वापस लौटना पड़ा।
उत्तराखंड के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों,
आज मैं आप सबसे मिलना चाहता था, आपके बीच बैठकर आपकी बातें सुनना चाहता था, आपके सुख-दुख, आपकी आशाओं और आपकी चिंताओं को समझना चाहता था। दुर्भाग्य से, मौसम की गंभीर खराबी के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया।
आज सुबह मैं पंतनगर पहुँच गया था। वहाँ… pic.twitter.com/FQ7cO6gIeh
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) June 4, 2026
