विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रणबाली’ का ट्रेलर (Ranabaali trailer) रिलीज़ हो गया है। करीब चार मिनट लंबे इस ट्रेलर ने रिलीज़ होते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। 19वीं सदी के दक्षिण भारत में बने इस पीरियड ड्रामा में विजय एक ऐसे योद्धा के रोल में हैं, जो ब्रिटिश हुकूमत के बनाए अकाल के खिलाफ अपने लोगों की रक्षा के लिए हथियार उठाता है।
फिल्म को राहुल संकीर्तन ने डायरेक्ट किया है, जिनके साथ विजय पहले ‘टैक्सीवाला’ में काम कर चुके हैं। ट्रेलर में सिंगनमाला पहाड़ी के रणबाली की कथा दिखाई गई है – एक ऐसा शख्स, जिसे अंग्रेज़ों ने ‘जंगली’ कहा, लेकिन अपने लोगों के लिए वह नायक बन गया। गांववाले अंग्रेज़ अधिकारियों के शोषण के तले दबे हैं और अकाल ने हालात और बदतर कर दिए हैं। ऐसे में रणबाली अपने समुदाय को बचाने का जिम्मा उठाता है।
Ranabaali Trailer में Rashmika Mandanna का दमदार अवतार
ट्रेलर में रश्मिका मंदाना ‘जयम्मा’ के किरदार में नज़र आ रही हैं, जो रणबाली की पत्नी हैं और उनकी लड़ाई में बराबर की साझेदार भी। दोनों के बीच के हल्के-फुल्के रोमांटिक सीन और केमिस्ट्री ट्रेलर की जान है। हॉलीवुड एक्टर अर्नोल्ड वोस्लू इस फिल्म के विलेन हैं – वह ‘सर थियोडोर हेक्टर’ बने हैं, जिन्हें मेकर्स ने ‘द डेमन ऑफ ड्रॉट’ यानी अकाल का राक्षस बताया है।
असल में, फिल्म की कहानी मद्रास अकाल 1876-78 के दौर पर आधारित है, जिसे इतिहास में ब्रिटिश शासन की नाकामी का एक काला अध्याय माना जाता है। ट्रेलर के आखिर में विजय का रौद्र अवतार दिखाया गया है, जिसे देखकर फैंस ‘कांतारा’ और ‘पुष्पा’ जैसी फिल्मों की याद कर रहे हैं।
शादी के बाद रियल-लाइफ कपल की पहली फिल्म, संगीत Ajay-Atul का
यह फिल्म विजय और रश्मिका की तीसरी जोड़ी है – इससे पहले दोनों ‘गीता गोविंदम’ और ‘डियर कॉमरेड’ में साथ दिख चुके हैं। खास बात यह है कि फरवरी 2026 में उदयपुर में हुई अपनी शादी के बाद यह दोनों की पहली फिल्म रिलीज़ है, जिससे फैंस की उत्सुकता दोगुनी हो गई है। फिल्म का संगीत बॉलीवुड के मशहूर जोड़ी अजय-अतुल ने दिया है, जिनके बैकग्राउंड स्कोर की ट्रेलर में खूब तारीफ हो रही है।
बताया जा रहा है कि ‘रणबाली’ को मिथ्री मूवी मेकर्स और टी-सीरीज़ ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को दशहरे के मौके पर तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज़ होगी। बॉक्स ऑफिस पर इसका सीधा मुकाबला रजनीकांत की ‘जेलर 2’ से होगा। फैंस का कहना है कि 16 अक्टूबर से सिनेमाघर थमने वाले नहीं हैं।
ट्रेलर रिलीज़ करते हुए मेकर्स ने कहा था कि पीढ़ियों से लोककथाओं में ज़िंदा ये कहानियां अब दुनिया के सबसे बड़े पर्दों पर आएंगी – वह इतिहास जिसने हमें गढ़ा है। फैंस ने भी ट्रेलर को हाथोंहाथ लिया है। किसी ने मेकर्स के दमदार काम की तारीफ की, तो किसी ने इसे पहले से ही ब्लॉकबस्टर करार दे दिया। विजय के रौद्र अवतार और अजय-अतुल के बैकग्राउंड स्कोर को लेकर खास तौर पर तारीफें मिल रही हैं।
गौरतलब है कि राहुल संकीर्तन ने ‘टैक्सीवाला’ के बाद ‘श्याम सिंघा रॉय’ जैसी फिल्म से अपनी काबिलियत साबित की थी। अब ‘रणबाली’ के साथ वह पैन-इंडिया स्तर पर बॉक्स ऑफिस जीतने की पूरी तैयारी के साथ आए हैं। फिल्म के एक्शन सीक्वेंसेज़ के लिए इंटरनेशनल एक्शन डायरेक्टर्स को भी जोड़ा गया है, जिससे इसका स्केल और बड़ा हो गया है।















