देहरादून: बाबा नीब करौरी महाराज के भक्तों के लिए उत्तराखंड सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा के जीवन, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित हाल में रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) को पूरे प्रदेश में टैक्स फ्री करने की घोषणा कर दी है। सीएम धामी ने यह निर्णय देहरादून के एक सिनेमा हॉल में अपनी पत्नी गीता धामी और कैबिनेट सहयोगियों के साथ फिल्म देखने के बाद लिया। पर्दे पर बाबा के चमत्कारों और लोककल्याण की भावना को देखकर मुख्यमंत्री भावुक और अभिभूत नजर आए।
दरअसल, शुक्रवार को मुख्यमंत्री अचानक हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल पहुंचे थे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा समेत सरकार के कई दायित्वधारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। 7 अगस्त 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की इस फिल्म को लेकर उत्तराखंड के लोगों में पहले से ही खासा उत्साह था, क्योंकि बाबा नीब करौरी का कैंची धाम इसी देवभूमि की पहचान है।
संत परंपरा और कैंची धाम की महिमा का बखान
फिल्म देखने के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत की संत परंपरा हमेशा से समाज को करुणा, सत्य और निस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाती रही है। उन्होंने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज का संपूर्ण जीवन इसी महान सनातन परंपरा का जीवंत दस्तावेज है।
सीएम ने विशेष रूप से नैनीताल स्थित कैंची धाम का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि सिर्फ पहाड़ों की नहीं, बल्कि तप और संतों की भूमि है। आज बाबा का कैंची धाम पूरी दुनिया के लिए अटूट आस्था का केंद्र बन चुका है। देश-विदेश से लोग यहां मानसिक शांति और आशीर्वाद पाने आते हैं। ऐसे में जब किसी संत के जीवन दर्शन को रूपहले पर्दे पर इतनी गंभीरता से उतारा जाता है, तो यह सीधे तौर पर हमारी नई पीढ़ी को सनातन मूल्यों और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करता है।
‘हनुमान अंश’ को क्यों किया गया टैक्स फ्री?
फिल्म ‘हनुमान अंश’ को कर-मुक्त करने के पीछे सरकार की मंशा इसे आम लोगों और युवाओं तक सहजता से पहुंचाना है। मुख्यमंत्री का मानना है कि इस तरह के रचनात्मक और सकारात्मक प्रयास सिनेमा के माध्यम से समाज में सेवा भाव को प्रोत्साहित करते हैं।
फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सतैया और पूरी तकनीकी टीम की प्रशंसा करते हुए धामी ने कहा कि ईश्वर के प्रति समर्पण और मानव कल्याण की भावना को फिल्म में बड़ी बारीकी से उकेरा गया है। दरअसल, सरकार चाहती है कि उत्तराखंड की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत देश-दुनिया तक पहुंचे। सिनेमा इसके लिए एक उत्कृष्ट माध्यम है। टैक्स फ्री होने के बाद अब प्रदेश के दर्शक काफी रियायती दरों पर सिनेमाघरों में जाकर बाबा नीब करौरी के चमत्कारी और सेवाभावी जीवन पर बनी इस फिल्म का आनंद ले सकेंगे।









