उत्तराखंड की राजनीति को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला सर्वे सामने आया है, जिसने सूबे के सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ के ताजा ग्राउंड सर्वे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के प्रति जनता का भारी भरोसा एक बार फिर साफ नजर आ रहा है। सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक अगर आज उत्तराखंड में चुनाव हो जाएं तो 70 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा 54 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है, जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस महज 14 सीटों पर सिमटती दिख रही है। साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आया यह सर्वे प्रदेश के राजनीतिक माहौल और जनता के मूड का बड़ा संकेत दे रहा है।
महिला आरक्षण और देवभूमि की पहचान पर जनता की मुहर
सर्वे के दौरान विभिन्न उम्र और सामाजिक वर्गों के मतदाताओं से कई अहम मुद्दों पर सीधे राय ली गई, जिसमें सीएम धामी को हर मोर्चे पर मजबूत समर्थन मिला। महिलाओं को आरक्षण देने के ऐतिहासिक फैसले पर 88 प्रतिशत लोगों ने पूर्ण समर्थन जताया, जबकि विरोध में सिर्फ 5 प्रतिशत लोग खड़े दिखे। इसके अलावा देवभूमि उत्तराखंड की मूल पहचान और स्वरूप को बचाने के प्रयासों पर भी 70 प्रतिशत जनता ने मुख्यमंत्री के पक्ष में मुहर लगाई है। यह दर्शाता है कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान की रक्षा को लेकर सरकार की नीतियां जनता को खूब पसंद आ रही हैं।
हर जाति-वर्ग और हर उम्र का साथ
सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि सीएम धामी की लोकप्रियता किसी एक जाति या समुदाय तक सीमित नहीं है। सामाजिक समीकरणों की बात करें तो बनिया और कायस्थ समुदाय में 57.3 प्रतिशत, ओबीसी वर्ग में 50.6 प्रतिशत, पंजाबी-सिख समुदाय में 49.7 प्रतिशत, ब्राह्मण वर्ग में 46.3 प्रतिशत, राजपूत वर्ग में 46.1 प्रतिशत और अनुसूचित जाति वर्ग में 45.3 प्रतिशत लोगों ने धामी सरकार के पक्ष में समर्थन दर्ज कराया है।
उम्र के हिसाब से किए गए सर्वे में भी हर पीढ़ी का भरोसा दिखा। 18 से 25 साल के युवाओं में 37.8 प्रतिशत, 26 से 35 साल के वर्ग में 43 प्रतिशत, 36 से 50 साल के लोगों में 46.8 प्रतिशत, 51 से 60 साल के वर्ग में 50.3 प्रतिशत और 60 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों में 51.8 प्रतिशत लोगों ने मुख्यमंत्री धामी के काम पर भरोसा जताया है।
UCC और विकास कार्यों से बढ़ी लोकप्रियता
जानकारों का मानना है कि यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC), सख्त नकल विरोधी कानून, महिला सशक्तिकरण के कदम, देवभूमि के मूल स्वरूप की रक्षा और ताबड़तोड़ विकास कार्यों ने सीएम धामी की छवि जन-जन तक पहुंचाई है। 2027 के चुनाव से पहले भाजपा को 54 और कांग्रेस को 14 सीटों का अनुमान धामी सरकार के लिए बड़ी राहत है। सर्वे का साफ संदेश यही है कि उत्तराखंड की जनता विकास के साथ-साथ अपनी संस्कृति और पहचान की रक्षा करने वाली सरकार के साथ मजबूती से खड़ी है।









