देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने इलाके में तनाव पैदा कर दिया है। शहर के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक को युवती का अश्लील वीडियो बनाने के प्रयास में रंगे हाथों पकड़ लिया गया। घटना के बाद इलाके में भारी हंगामा हुआ और गुस्साए हिंदू संगठन की महिला कार्यकर्ताओं ने आरोपी को सड़क पर ही दबोच लिया। इसके बाद महिलाओं ने आरोपी की जमकर धुनाई कर दी और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन एक्शन लिया है।
असल में यह पूरी घटना 28 जून 2026 की है। पटेल नगर के एक घनी आबादी वाले इलाके में रहने वाली युवती रोजाना की तरह अपने घर के बाथरूम में नहाने गई थी। बताया जा रहा है कि पड़ोस के मकान में किराए पर रहने वाला एक युवक काफी देर से इसी फिराक में घात लगाए बैठा था। जैसे ही युवती अंदर गई, उसने दीवार की ओट से अपने मोबाइल का कैमरा चालू किया और चोरी-छिपे वीडियो बनाने की जुगत भिड़ाने लगा।
बाथरूम की दीवार पर दिखा मोबाइल, मंचा हड़कंप
युवती नहा ही रही थी कि अचानक उसकी नजर दीवार के पास खड़े उस युवक और उसके हाथ में चमकती फोन की स्क्रीन पर पड़ गई। अपनी निजता पर इस तरह हमला होते देख युवती बुरी तरह घबरा गई और उसने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। युवती की चीख-पुकार सुनते ही आरोपी युवक के हाथ-पांव फूल गए और वह वहां से उल्टे पांव भाग खड़ा हुआ। इधर आवाज सुनकर युवती के परिवार वाले भी घबराते हुए बाथरूम के बाहर इकट्ठा हो गए। जब बदहवास हालत में बाहर आई युवती से परिजनों ने रोने का कारण पूछा, तो उसने पूरी आपबीती बयान कर दी। उसने बताया कि पड़ोस का किराएदार युवक मोबाइल फोन लेकर उसकी रिकॉर्डिंग करने का प्रयास कर रहा था।
हिंदू संगठन की महिलाओं का फूटा गुस्सा, सरेआम की धुनाई
इस घिनौनी करतूत की सूचना जैसे ही मोहल्ले में फैली, स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश पैदा हो गया। देखते ही देखते बात हिंदू संगठन तक पहुंच गई और संगठन से जुड़ी महिला कार्यकर्ताओं की एक टीम तत्काल मौके पर आ धमकी। महिलाओं ने स्थानीय लोगों की मदद से इलाके में दबिश देकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को खोज निकाला। इसके बाद गुस्से से तमतमाई महिलाओं ने उसे सरेआम दबोचकर बीच सड़क पर ही सबक सिखाना शुरू कर दिया। भीड़ के गुस्से और माहौल बिगड़ते देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर अपनी हिरासत में ले लिया।
विशेष समुदाय से है आरोपी, पुलिस खंगाल रही मोबाइल
घटना के बाद पीड़िता के भाई ने तुरंत पटेल नगर कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद लिखित तहरीर दी। कोतवाली पटेल नगर प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि पीड़िता के भाई की शिकायत के आधार पर तत्काल विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने पुष्टि की कि आरोपी एक विशेष समुदाय से ताल्लुक रखता है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी पूरी विवेचना महिला उपनिरीक्षक तनुजा शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस की एक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना भी किया है। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे तकनीकी जांच (फॉरेंसिक) के लिए भेजा जा रहा है, ताकि यह साफ हो सके कि आरोपी ने इससे पहले भी कोई वीडियो क्लिप रिकॉर्ड की है या नहीं। इसके साथ ही आसपास के प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं ताकि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
