पर्यावरण बचाने का अभियान एक व्यक्ति का नहीं, यह जन-अभियान बनना चाहिए :CM चौहान

खबर दुनिया की...

  1. Home
  2. देश

पर्यावरण बचाने का अभियान एक व्यक्ति का नहीं, यह जन-अभियान बनना चाहिए :CM चौहान

पर्यावरण बचाने का अभियान एक व्यक्ति का नहीं, यह जन-अभियान बनना चाहिए :CM चौहान


पर्यावरण बचाने का अभियान एक व्यक्ति का नहीं, यह जन-अभियान बनना चाहिए :CM चौहान

भोपाल :  मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून पर नागरिकों को शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री  चौहान ने नागरिकों से अपील की है कि विभिन्न अवसरों पर पौधे अवश्य लगाएँ। परिवार के सदस्यों के जन्म-दिवस एवं विवाह वर्षगांठ के अवसर पर भी पौधे लगाकर पर्यावरण के विकास में योगदान दें ।

मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि परिवार के दिवंगत सदस्यों की स्मृति में भी पौधे-रोपण करना चाहिए। मुख्यमंत्री  चौहान गत सवा वर्ष में लगभग 700 पौधों का रोपण कर चुके हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने भोपाल के अलावा नई दिल्ली, इंदौर, जबलपुर,भेड़ाघाट, पचमढ़ी, नर्मदापुरम, प्रदेश के अन्य नगरों, देश के विभिन्न नगरों में भी प्रवास के दौरान पौधे लगाए हैं। मुख्यमंत्री  चौहान ने पर्यावरण दिवस पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों के साथ पौध-रोपण का फैसला लिया है। वर्तमान में भी वे सामाजिक संस्था के सदस्यों के साथ पौधे लगाने का कार्य कर रहे हैं। स्मार्ट उद्यान श्यामला हिल्स मुख्यमंत्री चौहान के नियमित पौध-रोपण का साक्षी है। स्मार्ट उद्यान, विभिन्न प्रजातियों के पौधों से सज गया है।

भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित स्मार्ट उद्यान को हरा-भरा क्षेत्र बना दिया गया है। किसी समय यहाँ पथरीली जमीन होती थी। यहाँ स्मार्ट उद्यान के दो हिस्सों में मुख्यमंत्री  चौहान ने प्रति-दिन पौध-रोपण कर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे हैं। राजधानी की डेढ़ सौ से अधिक संस्थाएं पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा ले चुकी हैं। आम, नीबू, नीम, बरगद, आंवला और विभिन्न प्रजातियों के फलदार- फूलदार पौधे लगाए जा चुके हैं। अनेक सजावटी पौधे और विशिष्ट प्रजातियों के पौधे, स्मार्ट उद्यान की शोभा बढ़ा रहे हैं। आने वाले समय में भोपाल का यह उद्यान अधिक आकर्षक स्वरूप ग्रहण कर लेगा। निकट स्थित जनजातीय संग्रहालय , राज्य पुरातत्व संग्रहालय और क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र के मध्य स्थित स्मार्ट उद्यान में पौधों के रखरखाव के लिए उद्यानिकी विभाग ,नगर निगम भोपाल और अन्य विभाग समन्वय से कार्य कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री  चौहान ने नर्मदा जयंती से किया था अभियान प्रारंभ

मुख्यमंत्री  चौहान ने 19 फरवरी 2021 को अमरकंटक से साल का पौधा लगाकर पौध-रोपण अभियान की शुरुआत की थी। अभियान का एक वर्ष पूर्ण होने पर भोपाल के पर्यावरण प्रेमियों और सामाजिक संस्थाओं के साथ कुल 450 पौधे लगाए गए थे। यह अभियान जनता के सहयोग से संचालित हो रहा है। विभिन्न कॉलोनियों में रहवासी संघ, क्षेत्र के उद्यानों में पौध-रोपण का कार्य कर रहे हैं।

Around the web