उत्तराखंड की राजनीति को लेकर एक बहुत बड़ा और चौंकाने वाला सर्वे सामने आया है, जिसने सूबे के सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ द्वारा किए गए हालिया ग्राउंड सर्वे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार के प्रति जनता का भारी भरोसा एक बार फिर साफ-साफ नजर आ रहा है।
सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक, अगर आज की तारीख में उत्तराखंड में चुनाव हो जाएं और यह जनमत नतीजों में बदल जाए, तो 70 सीटों वाली विधानसभा में बीजेपी बंपर जीत हासिल करते हुए 54 सीटों पर कब्जा जमा सकती है। वहीं दूसरी तरफ, मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस महज 14 सीटों पर सिमटती हुई नजर आ रही है। साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आया यह सर्वे प्रदेश के राजनीतिक माहौल और जनता के मूड का बहुत बड़ा संकेत दे रहा है।
अलग-अलग मुद्दों पर जनता की मुहर इस सर्वे के दौरान अलग-अलग उम्र और सामाजिक वर्गों के मतदाताओं से कई अहम मुद्दों पर सीधे राय ली गई, जिसमें सीएम धामी को हर मोर्चे पर जबरदस्त समर्थन मिला है। सबसे खास बात यह रही कि महिलाओं को आरक्षण देने के ऐतिहासिक फैसले पर तो गजब का समर्थन देखने को मिला। सर्वे में शामिल 88 प्रतिशत लोगों ने इस फैसले का पूर्ण समर्थन किया, जबकि इसके विरोध में सिर्फ 5 प्रतिशत लोग ही खड़े नजर आए। इसके अलावा, देवभूमि उत्तराखंड की मूल पहचान और उसके स्वरूप को बचाने के प्रयासों पर भी 70 प्रतिशत जनता ने मुख्यमंत्री के पक्ष में अपनी मुहर लगाई है। यह इस बात का सबूत है कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान की रक्षा को लेकर सरकार की नीतियां जनता को खूब भा रही हैं।
हर जाति और वर्ग का मिल रहा है साथ सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि सीएम धामी की लोकप्रियता किसी एक जाति या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि हर वर्ग उन्हें पसंद कर रहा है। अगर सामाजिक समीकरणों की बात करें, तो बनिया और कायस्थ समुदाय में 57.3%, ओबीसी वर्ग में 50.6%, पंजाबी-सिख समुदाय में 49.7%, ब्राह्मण वर्ग में 46.3%, राजपूत वर्ग में 46.1% और अनुसूचित जाति (SC) वर्ग में 45.3% लोगों ने धामी सरकार के पक्ष में अपना समर्थन दर्ज कराया है।
युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक हर पीढ़ी का भरोसा उम्र के हिसाब से किए गए सर्वे में भी सीएम धामी को हर पीढ़ी से भरपूर प्यार और समर्थन मिलता दिख रहा है। 18 से 25 साल के युवाओं में 37.8%, 26 से 35 साल के उम्र वर्ग में 43%, 36 से 50 साल के लोगों में 46.8%, 51 से 60 साल के वर्ग में 50.3%, और 60 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों में 51.8% लोगों ने मुख्यमंत्री धामी के काम पर पूरा भरोसा जताया है।
इन बड़े फैसलों से बढ़ी लोकप्रियता जानकारों का मानना है कि यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC), सख्त नकल विरोधी कानून, महिला सशक्तिकरण के कदम, देवभूमि के मूल स्वरूप की रक्षा और ताबड़तोड़ विकास कार्यों ने सीएम धामी की छवि को जन-जन तक पहुंचाया है। 2027 के चुनाव से पहले बीजेपी को 54 और कांग्रेस को 14 सीटों का अनुमान मिलना धामी सरकार के लिए बहुत बड़ा टॉनिक साबित हो रहा है। इस सर्वे का साफ संदेश यही है कि उत्तराखंड की जनता विकास के साथ-साथ अपनी संस्कृति और पहचान की रक्षा करने वाली सरकार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
