पंजाबी समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति, सेवा, साहस और राष्ट्रभक्ति भारत की शक्ति का सबसे बड़ा प्रतीक है। गुरु साहिबान का पूरा जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने, निस्वार्थ सेवा करने और राष्ट्रहित को हमेशा सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने गुरुवार को रुद्रपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित भव्य ‘पंजाबी गौरव सम्मेलन’ में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही पूरा परिसर “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह” के गूंजते जयकारों से सराबोर हो उठा। इस खास मौके पर सिख समाज की ओर से मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को सरोपा भेंट कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सिख परंपरा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की जीवंत मिसाल
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह आयोजन केवल एक सम्मेलन नहीं है, बल्कि पंजाबी समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति, संस्कार, साहस, सेवा और राष्ट्रभक्ति का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सिख गुरुओं की महान परंपरा भारतीय संस्कृति की श्रेष्ठ विरासत का एक अत्यंत महत्वपूर्ण आधार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाबी समाज ने अपनी कड़ी मेहनत, ईमानदारी और उद्यमशीलता के दम पर देश के निर्माण में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सीमा पर देश की रक्षा करने से लेकर खेतों में अन्न उत्पादन, उद्योग-व्यापार को गति देने और किसी भी आपदा के समय सेवा कार्य करने में पंजाबी और सिख समाज का योगदान अनुकरणीय रहा है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि तराई क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और यहां की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी पंजाबी समाज का अहम योगदान रहा है।
मोदी सरकार ने सिख समाज की आस्था को दिया राष्ट्रीय सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख समाज की आस्था, सर्वोच्च बलिदान और गौरवशाली परंपराओं को राष्ट्रीय सम्मान प्रदान करने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। करतारपुर साहिब कॉरिडोर का निर्माण, लंगर को सभी प्रकार के टैक्स से मुक्त करना, श्री हरमंदिर साहिब को विदेशी अंशदान (FCRA) की स्वीकृति देना और श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की 350वीं जयंती का भव्य आयोजन इसी सम्मान की भावना का हिस्सा है।
इसके अलावा, साहिबजादों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए ‘वीर बाल दिवस’ घोषित किया गया, अफगानिस्तान से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पवित्र स्वरूपों को सुरक्षित भारत लाया गया और वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ित परिवारों को न्याय व सम्मान दिलाने का ऐतिहासिक काम किया गया।
गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक 12.5 किमी लंबा रोपवे
देवभूमि उत्तराखंड के साथ सिख समाज के गहरे आध्यात्मिक जुड़ाव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी और श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पवित्र चरण इस पावन भूमि पर पड़े हैं। हेमकुंड साहिब और रीठा साहिब जैसी पवित्र धरोहरें उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत का अटूट हिस्सा हैं।
उन्होंने बड़ी खुशखबरी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक लगभग 12.5 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ चुका है। इस रोपवे के बन जाने से बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं के लिए हेमकुंड साहिब की कठिन यात्रा बेहद सुगम हो जाएगी।
विरासत का सम्मान और सामाजिक समरसता पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड सरकार ने वर्ष 1947 के विभाजन की त्रासदी में अपनी जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति स्थल’ के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाया है। इसके अलावा, राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए धर्मांतरण विरोधी और दंगा विरोधी कानूनों को सख्त बनाया गया है। राज्य में मदरसा बोर्ड को समाप्त कर अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया गया है, ताकि विद्यालयों में गुरुबाणी की गूंज और गुरुओं के पावन संदेश नई पीढ़ी तक आसानी से पहुंच सकें।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपने गुरुओं के जीवन से प्रेरणा लेकर अनुशासन, साहस, सेवा और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने तराई क्षेत्र को बसाने में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के महत्वपूर्ण योगदान को याद करते हुए उनकी जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने कहा कि सिख समाज ने राष्ट्र निर्माण में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है और आगे भी देश की प्रगति में अपना अमूल्य योगदान देता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो लक्ष्य रखा है, उसे जन-भागीदारी से अवश्य हासिल किया जाएगा।
इस भव्य कार्यक्रम में सांसद श्री अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा, श्री प्रदीप बत्रा, श्री राम सिंह कैड़ा, राज्यसभा सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री श्री बलदेव सिंह औलख, विधायक श्री शिव अरोड़ा, मेयर श्री विकास शर्मा, जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
