---Advertisement---

देहरादून में अचानक सड़क पर उतरे डीएम और आला अफसर, गंदगी को लेकर दिया सख्त अल्टीमेटम!

By: Sansar Live Team

On: Saturday, August 8, 2026 12:32 PM

Google News
Follow Us

देहरादून। देहरादून की सड़कों पर शनिवार की सुबह कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला। अमूमन फाइलों और बैठकों में व्यस्त रहने वाले अफसर खुद दस्ताने पहने सड़क पर सफाई करते नजर आए। कांवली रोड और लक्ष्मण चौक इलाके में जब जिला प्रशासन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की संयुक्त टीम उतरी, तो स्थानीय लोग भी खुद को रोक नहीं पाए। मौका था एक विशेष स्वच्छता जागरूकता अभियान का, जिसमें 100 से ज्यादा लोगों ने सीधे हिस्सा लिया और गंदगी के खिलाफ मोर्चा खोला।

अभियान के दौरान जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने न केवल मोर्चा संभाला, बल्कि व्यवस्था का जायजा लेते हुए नगर निगम के अधिकारियों को सख्त लहजे में हिदायत भी दी। असल में, अफसरों का यह रूख साफ बता रहा था कि प्रशासन अब केवल रस्म अदायगी के मूड में नहीं है। डीएम ने स्पष्ट कहा कि एक दिन झाड़ू उठा लेने से शहर साफ नहीं होगा, इसके लिए सिस्टम को रोज अलर्ट मोड पर रहना पड़ेगा।

केवल अभियान काफी नहीं, रोजाना दिखना चाहिए असर

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन जगहों पर सफाई की गई है, वहां कूड़ा उठान और उसके वैज्ञानिक निस्तारण का ठोस प्लान बने। उन्होंने कहा कि अक्सर अभियानों के बाद फिर से वही पुरानी स्थिति बन जाती है, जो अब बर्दाश्त नहीं होगी। चिन्हित क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जाएगी ताकि सफाई का असर स्थायी दिखे।

प्रशासन की योजना अब इस मुहिम को शहर के कोने-कोने तक ले जाने की है। इसके लिए नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल बिठाने को कहा गया है। डीएम डॉ. चौहान ने जोर देकर कहा कि जब तक आम नागरिक इसमें अपनी जिम्मेदारी नहीं समझेंगे, तब तक देहरादून स्वच्छता अभियान को उसका असली मकसद नहीं मिल पाएगा।

सिंगल यूज प्लास्टिक पर कसने जा रहा है शिकंजा

इस विशेष सफाई अभियान का एक बड़ा फोकस सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जंग भी रहा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्लास्टिक के इस्तेमाल को रोकने के लिए सिर्फ चालान काटना ही रास्ता नहीं है, बल्कि लोगों को इसके दुष्प्रभावों से वाकिफ कराना बेहद जरूरी है। इसके लिए आने वाले दिनों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम और सख्त निगरानी अभियान एक साथ चलाए जाएंगे।

वहीं मौके पर मौजूद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने भी लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि सफाई को जब तक हम अपनी नैतिक जिम्मेदारी नहीं मानेंगे, तब तक कोई भी नियम-कानून पूरी तरह सफल नहीं हो सकता। अपने घर और दुकान का कचरा सही जगह फेंकना ही एक बेहतर नागरिक की पहली पहचान है।

बताया जा रहा है कि इस मुहीम में वेस्ट वॉरियर्स संस्था के कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। कांवली रोड से लेकर लक्ष्मण चौक तक चले इस अभियान में अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव और वेस्ट वॉरियर्स से नवीन सडाना समेत कई विभागों के कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment