Pushkar Singh Dhami 04 Years Report Card : उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के चार साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इसे ऐतिहासिक और उपलब्धियों से भरा बताया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के करीबी माने जाने वाले प्रवक्ता शिवप्रसाद चौहान ने कहा कि धामी सरकार ने विकास, संस्कृति संरक्षण और कानून व्यवस्था में जो काम किया, वह अभूतपूर्व है।
दूसरी ओर, कांग्रेस की आलोचनाओं को उन्होंने हताशा और द्वेष से प्रेरित करार दिया। चौहान का यह बयान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के हालिया आरोपों के जवाब में आया है, जिन्होंने धामी सरकार पर कई सवाल उठाए थे।
कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का पलटवार
चौहान ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनता ने भ्रष्टाचार के कारण ही कांग्रेस को सत्ता से बाहर किया था। इसके उलट, धामी सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़े कदम उठाए और नए कानून बनाए। खास तौर पर खनन माफिया पर नकेल कसते हुए सरकार ने राजस्व को चार गुना बढ़ाया, जो पहले की सरकारों के संरक्षण में लूट का पर्याय बन चुका था। चौहान ने कहा कि धामी सरकार ने न केवल रोजगार के अवसरों में कई गुना इजाफा किया, बल्कि प्रदेश की संस्कृति और अस्मिता को संरक्षित करने में भी ऐतिहासिक कदम उठाए।
कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा में सुधार
कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस की आलोचना पर चौहान ने कहा कि यह उनकी हताशा का नमूना है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के शासनकाल में संगीन अपराधों पर मुकदमे तक दर्ज नहीं होते थे, जबकि धामी सरकार ने न केवल मुकदमे दर्ज करने की प्रक्रिया को तेज किया, बल्कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई भी की। खासकर महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े कानून लागू किए गए, जो उन्हें सुरक्षा कवच प्रदान करते हैं।
कांग्रेस को सकारात्मक राजनीति की सलाह
चौहान ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि केवल नकारात्मक आलोचना और दुर्भावनापूर्ण बयानों से वह जनता का भरोसा नहीं जीत सकती। इसके लिए सकारात्मक सोच और जनसेवा पर आधारित राजनीति की जरूरत है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अभी भी “घोड़े की तीन किस्म” जैसे बयानों में उलझी है, जिससे उनके नेताओं का राजनीतिक अस्तित्व खतरे में है।
धामी सरकार की लोकप्रियता और जनता के बीच उसकी स्वीकार्यता को देखते हुए चौहान ने दावा किया कि यह सरकार उत्तराखंड के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है।