CM Dhami : सीएम धामी का नानकसागर डैम निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
CM Dhami : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली दौरे के बाद आज सीधे उधम सिंह नगर के नानकमत्ता पहुंचकर मॉनसून की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने नानक सागर बांध और आसपास के इलाकों का गहन निरीक्षण किया।
इस दौरान सीएम ने अधिशासी अभियंता से बांध की स्थिति, जलस्तर, बाढ़ नियंत्रण की तैयारियों और सुरक्षा उपायों की पूरी जानकारी ली। उन्होंने जोर देकर कहा कि मॉनसून के दौरान हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए, ताकि आम जनजीवन पर कोई असर न पड़े।
मॉनसून के लिए सतर्कता जरूरी
सीएम धामी आज 31 अगस्त से दो दिन के उधम सिंह नगर दौरे पर हैं। दिल्ली से पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे सबसे पहले पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा के पैतृक आवास गए। वहां उन्होंने राणा के पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद सीएम नानक सागर डैम पहुंचे, जहां उन्होंने कंट्रोल रूम का दौरा किया। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि बांध और जल निकासी की स्थिति पर पल-पल नजर रखी जाए।
आपदा प्रबंधन पर जोर
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को हिदायत दी कि आपदा प्रबंधन के लिए समय रहते सभी जरूरी कदम उठाए जाएं। संवेदनशील इलाकों में निगरानी को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए। सीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि मॉनसून के दौरान किसी भी तरह की आपदा से जनता को सुरक्षित रखा जाए। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही, जनता को समय-समय पर सटीक जानकारी, अलर्ट और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
जनता के बीच सीएम
नानक सागर डैम के दौरे के बाद सीएम धामी ने अपने आवास और लोहियाहेड कैंप कार्यालय में जनता से मुलाकात की। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के लिए निर्देश दिए। सीएम आज रात खटीमा के नगला तराई में अपने निजी आवास पर रुकेंगे।
आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि और नया केंद्र
1 सितंबर को सीएम का व्यस्त कार्यक्रम जारी रहेगा। सुबह 9:30 से 10:30 बजे तक खटीमा में उत्तराखंड आंदोलन के शहीद राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि देने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खटीमा में आईटीआई कानपुर के सहयोग से स्थापित ‘साथी केंद्र’ का उद्घाटन करेंगे।