नई दिल्ली में देश की सियासत की हलचल के बीच उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के संकटमोचक कहे जाने वाले डी.के. शिवकुमार से मुलाकात की है। इस शिष्टाचार भेंट के पीछे आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ी रणनीति छिपी हुई है। उत्तराखंड कांग्रेस मीडिया कमेटी के चेयरमैन राजीव महर्षि और सूबे के पूर्व मंत्री अजय सिंह ने दिल्ली पहुंचे डी.के. शिवकुमार को बधाई दी और उनसे राज्य के सियासी हालातों पर लंबी चर्चा की।
दरअसल, उत्तराखंड में आने वाले समय में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस अभी से जमीन मजबूत करने में जुट गई है। इसी सिलसिले में दोनों नेताओं ने कर्नाटक के डिप्टी सीएम के साथ संगठन से जुड़े कई अहम मुद्दों पर बात की। राजीव महर्षि ने शिवकुमार को उत्तराखंड की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों की बारीक जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया कि पहाड़ी राज्य में कांग्रेस संगठन को और ज्यादा धारदार और मजबूत बनाने के लिए किस तरह के प्रयास किए जा रहे हैं।
डीके शिवकुमार को चारधाम यात्रा का आमंत्रण
बैठक के दौरान सिर्फ राजनीति ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत पर भी बात हुई। राजीव महर्षि और अजय सिंह ने डी.के. शिवकुमार को उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा पर आने का न्योता दिया। नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड की देवभूमि, यहां की धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत पूरे देश की आस्था का केंद्र है। अगर वे उत्तराखंड आते हैं, तो इससे न सिर्फ राज्य को उनका सानिध्य मिलेगा, बल्कि वहां के स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी एक नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार होगा।
संगठन की मजबूती और चुनाव पर मंथन
इस मुलाकात के बड़े सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। राजीव महर्षि ने कर्नाटक के इस दिग्गज नेता से आग्रह किया कि वे जल्द ही उत्तराखंड का दौरा करें और आगामी चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस संगठन को अपना मार्गदर्शन दें। असल में, डी.के. शिवकुमार को संगठन चलाने और चुनावों में बाजी पलटने का माहिर खिलाड़ी माना जाता है। उत्तराखंड के नेताओं को पूरा भरोसा है कि शिवकुमार के लंबे सियासी अनुभव और कुशल नेतृत्व का फायदा उत्तराखंड कांग्रेस को मिलेगा, जिससे पार्टी गुटबाजी से ऊपर उठकर बेहद सशक्त तरीके से चुनाव मैदान में उतरेगी।
कर्नाटक के डिप्टी सीएम ने क्या कहा?
उत्तराखंड के नेताओं की बातों को डी.के. शिवकुमार ने बेहद ध्यान से सुना और राज्य के प्रति अपना खास लगाव भी जाहिर किया। उन्होंने चारधाम यात्रा के निमंत्रण के लिए दोनों नेताओं का आभार जताया और कहा कि वे भविष्य में देवभूमि की यात्रा पर जरूर आएंगे। शिवकुमार ने उत्तराखंड में कांग्रेस संगठन की मजबूती की तारीफ की और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की शानदार जीत के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दीं।
