उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में दिल्ली से देहरादून तक का सफर सड़क मार्ग से तय कर सबको चौंका दिया है। दिल्ली दौरे से लौटते समय उन्होंने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का इस्तेमाल किया और अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि अब इन दोनों शहरों के बीच की दूरी मानों सिमट सी गई है। मुख्यमंत्री ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने यह सफर महज ढाई घंटे में पूरा कर लिया, जबकि पहले इस यात्रा में घंटों का समय जाया होता था।
आधुनिक कनेक्टिविटी का शानदार उदाहरण मुख्यमंत्री धामी ने इस सुगम यात्रा का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का एक बेहतरीन उदाहरण है। सीएम ने प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि जिस रफ्तार से आज देश में सड़कों और परिवहन सुविधाओं का जाल बिछ रहा है, यह उसी का नतीजा है। अब उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों के लिए दिल्ली दूर नहीं रह गई है।
पर्यटन और निवेश को लगेंगे पंख इस कॉरिडोर की अहमियत बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ एक सड़क नहीं है, बल्कि उत्तराखंड की तरक्की का नया रास्ता है। सफर का समय कम होने से राज्य में पर्यटन को भारी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, बाहरी निवेशकों के लिए भी अब उत्तराखंड पहुंचना और यहां व्यापार करना काफी आसान हो जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए दरवाजे खुलेंगे।
चारधाम यात्रा होगी और भी आसान सीएम धामी ने इस बात पर भी जोर दिया कि इस कॉरिडोर के शुरू होने से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। राज्य के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच अब पहले से कहीं ज्यादा सुगम हो गई है। उन्होंने इसे ‘नए भारत की नई रफ्तार’ करार देते हुए कहा कि ऐसी परियोजनाएं उत्तराखंड के विकास में मील का पत्थर साबित हो रही हैं और आने वाले समय में राज्य की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।
