---Advertisement---

Chardham Yatra 2026: केदारनाथ में गूंजा ‘हर-हर महादेव’, सीएम धामी ने की सुख-समृद्धि की कामना

By: Sansar Live Team

On: Wednesday, April 22, 2026 6:21 AM

Google News
Follow Us

श्रद्धा, आस्था और दिव्यता की अद्भुत त्रिवेणी देखने को मिली जब ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग भगवान श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज बुधवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। सुबह 8 बजे के शुभ मुहूर्त में जैसे ही मंदिर के द्वार खुले, पूरी केदार नगरी “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के जयघोष से गूंज उठी। खास बात यह रही कि धाम में कपाट खुलने के बाद पहली विशेष पूजा देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की गई।

मुख्यमंत्री धामी बने अलौकिक क्षण के साक्षी

इस पावन और दिव्य अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी खुद मौजूद रहे। उन्होंने बाबा केदारनाथ के चरणों में मत्था टेककर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की प्रार्थना की। इस दौरान सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों ने वहां मौजूद हजारों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यमंत्री ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केदारनाथ धाम हमारी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि बाबा के आशीर्वाद से इस वर्ष की चारधाम यात्रा पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ देगी।

श्रद्धालुओं के लिए राज्य सरकार की खास अपील

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। उन्होंने उत्तराखंड के लोगों से अपील की कि वे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं का पूरे आतिथ्य भाव से स्वागत करें। सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में ही 2013 की आपदा के बाद केदारनाथ का इतना भव्य और दिव्य पुनर्निर्माण संभव हो पाया है, जो आज पूरी दुनिया के आकर्षण का केंद्र है।

51 क्विंटल फूलों से सजा बाबा का दरबार

भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास उखीमठ से होते हुए कल शाम ही धाम पहुंच गई थी। आज सुबह 5 बजे से कपाट खुलने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह ठीक 8 बजे मुख्य पुजारी (रावल) भीमाशंकर लिंग, पुजारी टी गंगाधर और मुख्यमंत्री की मौजूदगी में मंदिर के गर्भगृह के द्वार खोले गए। पूरे मंदिर परिसर को 51 क्विंटल से भी ज्यादा फूलों से सजाया गया था। जैसे ही कपाट खुले, आसमान से हेलीकॉप्टर द्वारा पुष्प वर्षा की गई, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।

उद्घाटन के दौरान ये दिग्गज रहे मौजूद

इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनने के लिए मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती गीता धामी, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहित और शासन-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। कपाट खुलने के साथ ही अब देश-दुनिया के श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

window._taboola = window._taboola || []; _taboola.push({ cex: 'true' }); // User consented