मुंबई में अक्टूबर की गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने Mumbai heatwave alert के तहत 16 अक्टूबर तक गर्म और उमस भरे मौसम के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, मुंबई और उपनगरों में अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 25 डिग्री के आसपास रहेगा। मानसून की वापसी के बाद तेज धूप और उमस ने मिलकर शहर को झुलसाना शुरू कर दिया है।
दरअसल, इस महीने की शुरुआत से ही मुंबई में पारा सामान्य से ऊपर चल रहा है। 9 अक्टूबर को सांताक्रूज़ में तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 8 वर्षों में अक्टूबर का सबसे गर्म दिन रहा। यह सामान्य से करीब 4.5 डिग्री अधिक था। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के विदा होने के बाद हवा की दिशा बदलने, बादल छंटने और समुद्री हवा के देर से चलने की वजह से गर्मी बढ़ी है।
Mumbai Heatwave Alert: किन-किन जिलों में चेतावनी
इससे पहले IMD ने मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) और कोंकण के लिए 12 अक्टूबर तक हीटवेव की चेतावनी जारी की थी। यलो अलर्ट के दायरे में मुंबई के अलावा पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जैसे जिले भी शामिल रहे। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में हीटवेव जैसी स्थिति भी बन सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
महंगाई पर भी पड़ सकता है असर
इस असामान्य गर्मी के आर्थिक असर पर भी अर्थशास्त्रियों की नजर है। क्रिसिल के मुख्य अर्थशास्त्री धर्मकीर्ति जोशी ने कहा है कि खाद्य महंगाई का जोखिम ऊपर की ओर झुका हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि अल नीनो के तेज होने से मौसम की ओर से फसलों और महंगाई पर और असर पड़ सकता है, जिससे खाद्य कीमतों में उछाल का खतरा बढ़ गया है।
जोशी ने यह भी कहा कि आगे की नीतिगत कार्रवाई काफी हद तक आने वाले मौसम और मैक्रोइकोनॉमिक आंकड़ों पर निर्भर करेगी। यानी रिजर्व बैंक और सरकार दोनों इस मोर्चे पर नजर बनाए हुए हैं।
उमस और खराब हवा की दोहरी मार
गर्मी के साथ बढ़ी उमस ने भी लोगों की परेशानी दोगुनी कर दी है। कई इलाकों में आर्द्रता का स्तर 78 फीसदी से ऊपर पहुंच गया, जिससे चिपचिपी गर्मी का अहसास और तेज हो गया। कुछ इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया, जो संवेदनशील लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है। निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को दोपहर के समय बाहर न निकलने की सलाह दी है।
फिलहाल राहत के आसार नजर नहीं आ रहे। IMD के अनुसार 16 अक्टूबर तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अक्टूबर के मध्य के बाद ही तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आ सकती है। तब तक मुंबईकरों को खूब पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है।















