4 Aug 2025, Mon

हरियाणा में कब बनेंगे नए जिले? जानिए सरकार की पूरी प्लानिंग –

Haryana News : हरियाणा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। करीब 9 साल बाद राज्य में नए जिले बनाने की बात फिर से जोर पकड़ रही है। सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और कैबिनेट सब-कमेटी का कार्यकाल 31 दिसंबर तक बढ़ा दिया है।

सूत्रों के मुताबिक, इस महीने के अंत तक कमेटी की एक अहम बैठक होने वाली है, जिसकी तारीख अभी तय नहीं हुई है। हालांकि, माना जा रहा है कि यह बैठक अगले हफ्ते हो सकती है।

इस कमेटी की अध्यक्षता कर रहे विकास और पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि नए जिले बनाने के लिए जो प्रस्ताव आए हैं, उनमें से हांसी और गोहाना के नाम सबसे आगे हैं। ये दोनों इलाके नए जिले के लिए तय मानकों को पूरा करते हैं। इसलिए सरकार का फोकस फिलहाल इन्हीं पर है।

क्यों हो रही है यह चर्चा?

हाल ही में भारत के महारजिस्ट्रार और जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने प्रशासनिक इकाइयों की सीमाओं में बदलाव के लिए समयसीमा को 31 दिसंबर तक बढ़ा दिया है। उन्होंने इस संबंध में हरियाणा के मुख्य सचिव को पत्र भी लिखा था। इस पत्र में साफ कहा गया है कि अगले साल फरवरी 2026 से जनगणना का काम शुरू हो जाएगा।

इसके चलते 1 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रशासनिक सीमाओं में कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा। यही वजह है कि सरकार इस साल के अंत तक नए जिलों के प्रस्ताव को अंतिम रूप देना चाहती है।

कमेटी में कौन-कौन?

राज्य सरकार ने नए जिले, मंडल, तहसील और उप-तहसील बनाने के लिए एक खास कमेटी बनाई है। इसकी अध्यक्षता कृष्ण लाल पंवार कर रहे हैं। इसके अलावा कमेटी में राजस्व और निकाय मंत्री विपुल गोयल, शिक्षा और संसदीय कार्य मंत्री महीपाल सिंह ढांडा और कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा शामिल हैं। यह कमेटी सभी प्रस्तावों की जांच कर रही है।

कहां-कहां से आई मांग?

कमेटी के पास पांच नए जिले बनाने की मांग आई है। इनमें हिसार से अलग हांसी, सिरसा से अलग डबवाली, करनाल से अलग असंध, जींद से अलग सफीदों और सोनीपत से अलग गोहाना शामिल हैं। इसके अलावा गुरुग्राम से मानेसर को अलग जिला बनाने की चर्चा भी है, लेकिन अभी तक इसकी कोई लिखित मांग कमेटी के पास नहीं पहुंची है।

पंवार ने क्या कहा?

कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि नए जिले, उपमंडल, तहसील या उप-तहसील बनाने का फैसला जिला उपायुक्तों (DC) की सिफारिश के आधार पर होगा। ब्लॉक समिति के लिए संबंधित विधानसभा क्षेत्र के विधायक, नगर पालिका या नगर निगम से प्रस्ताव जरूरी होगा। पंवार ने यह भी संकेत दिया कि अगर ठोस प्रस्ताव आए तो राज्य में नए मंडल भी बनाए जा सकते हैं। अभी हरियाणा में छह मंडल हैं- अंबाला, करनाल, रोहतक, हिसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद।

आगे क्या?

नए जिलों के गठन से हरियाणा में प्रशासनिक कामकाज को और बेहतर करने में मदद मिल सकती है। हांसी और गोहाना को जिला बनाने की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है। कमेटी की अगली बैठक में इस पर बड़ा फैसला हो सकता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *